एक-दूसरे की तलाश में



आज
जब हम अपने बड़ों से चोरों के किस्से सुनते है तो या तो वो तानाशाही जैसे ढ़ाचे में जड़कर सुनाए जाते हैं या फिर टुच्चे-मुच्चे बदमाशों की कतार में, इन सबका दिल्ली शहर में सालों से दबदबा बना रहा है और आज भी उन्ही के नामों से कई इलाकों को नवाज़ा भी जाता है और उनका नाम लेकर बदमाशी का वो दौर दोहराते हुए पनपते बदमाश भी दिखाई दे जाते हैं जिसमें की आपसी लड़ाई की बहस कम और इलाकावादी सम्मान को लेकर लड़ाई ज़्यादा झलकती है जिसमें जिसका पलड़ा भारी रहता है उसी की जगह-जगह चर्चा होती है और उन्हें आस-पास की काना-फूसी में पुसतेनी बदमाशों के नाम से जाना जाता है कि-
"उसका बाप क्या कम था! भाई कोई बोल तक नही सकता था उसके आगे इतना भरम था उसका"

कई बार कुछ यूं सुनने को मिलता था कि कुछ चौरों को आम-पब्लिक ने बीच चौराहे पर बांधकर मारा, घसीट-घसीट कर मारा, मार-मारके मार डाला।
बदमाशों की छवि अब हर जगह फीकी पड़ती जा रही है और अब इलाकों में नऐ नामों से जाने जाते चहरे सामने आ रहे हैं " मशीन " एसा नही है कि ये समाज में नए दाखिल हुए हैं पहले इन्हें जैब-कतरों के नाम से जाना जाता था लेकिन अब दौर बदल गया है मशीन जैसे नाम ने इनकी पहचान के साथ साथ इनका काम भी बदल दिया है।
आज मोबाइल मशीनों की कारास्तानी की वजह से हमारे बीच इतनी हल्की छवि लिए खड़ा है मानों जैसे हम कोई रेडियो खरीद रहे हों। खुद के वजूद के साथ, खुद के आकार और नाम के साथ महंगे दामों में कभी रेडियो बिका करते थे आज रेडियो की मार्किट बहुत खस्ता है क्योंकि मोबाइल ने रेडियो को जिस तरह से पब्लिक में पेश किया है शायद रेडियो अपने खुद के लिए ये कभी नही कर पाता।

जैब के इस हैर-फैर को हम खुद में इतना ढ़ाल चुके हैं कि ये सोच कर रह जाते हैं “200 रुपये का तो लिया था निकल गया तो कोई बात नही, 6 महीने चला लिया- हो गऐ पैसे वसूल। तब हम सिर्फ अपना फाएदा ही सोचते है लेकिन एसे में जैब से जैब तक का ये सफर हमें उन लोगों से ओझल रखता है जो हमारे बीच रहकर ही ये हैर-फैर का गैम खेल रहे हैं और यहां बात सिर्फ फायदे और आस-पास में होती अदली-बदली की नहीं, बात तो इतनी फैल चुकी हैं कि इन लोगों का काम इलाकों में इसलिए फैलता जा रहा है क्योंकि अब हर जगह मोबाइल की दुकानों की तादात बढ़ती जा रही है और दुकानों का बढ़ता सिलसिला ये एहसास दिलाता है कि- कहीं लोगों से ज्यादा मोबाइल तो नहीं ?


इस बीच मेरा एक दोस्त जिसने हाल-फिलहाल में ही चिलती क़बर पर मोबाइल की दुकान खोली है उसका काम सिर्फ मोबाइल रिपेयरिंग करना का है जिससे कि रोज़ाना के 150-200 रुपये बन जाते हैं लेकिन शाम होते ही जब हम कुछ यार-दोस्त उसकी दुकान पर मजमा लगाते हैं तो कई नई फिल्मों को इतने नज़दीक से देख पाते हैं, जिससे कि हमें आस-पास में हो रही उस हलचल के बीच की बातचीत में शरीक होने का मौका मिल जाता है। कौन, किसको, कितने का, कैसे ?
ये सब बातचीत सिर्फ चंद अल्फाज़ों में ही रखी जाती है, जिससे की छुपे-चोरी ये काम करने की समझ बनती है।

मोबाइल की दुकानों की ये अलग की कमाई होती है जिसे वो अपना खर्च मान कर चलते है एक दिन अगर दो एसे सेट दुकान से होकर निकल गए तो समझो हो गई कमाई क्योंकि उसकी दुकान पर आते-जाते कितने ही चेहरों के बीच एसे कई चेहरें रहते है जो सिर्फ दो लाईनों में पूछकर बात खत्म कर देते हैं "आया कोई मोबाइल, आऐ तो मुझे बता दियो"
कई दुकानों का रोज़गार आज की तारीक में इन सेकेंड हैंड मोबाइलों से चल रहा है क्योंकि यहां पर भी इन्हें 100-150 की बढ़त के बाद ही किसी जैब तक पहुचाया जाता है।

मशीनों की हाथ सफाई को अभी भी लोगों की नज़रों से ओझल रखने के लिए अलग-अलग नामों से पुकारा जाता है जैसे सेट, जुगाड़, या फिर पैन जो कि अज-कल फेमस है।
कभी-कभी हमें लगता है कि हम इन चीज़ों से बहुत दूर है लेकिन ये बातें और ये कारस्तानियां हमारे बहुत नज़दीक से होकर गुज़रती हैं और कभी-कभी खुद को ये अनुभव भी लेना पड़ जाता है कि जब कोई आपकी जैब से मोबाइल निकाल ले जाए और आप सिर्फ लोगों की शक्लें ही देखते रह जाओ उस वक़्त न इलज़ाम लगाने की जगह बचती है ना छान-बीन की। अपना नम्बर मिलाओ तो ये पता नहीं चलता कि अब वो मोबाइल किसके हाथों में है, कहां है ?

उस वक़्त सब्र जैसे शब्दों का सहारा लेकर हम जैब से जैब तक के इस फेलते सिलसिले को छोड़कर कोई नया मोबाइल ले लेते है और अगली बार हर एक एसी जगह में अपने आपको संभालने के साथ-साथ हमारा ध्यान अपने मोबाइल पर ही होता है और उस वक़्त पास खड़ा हर व्यक्ति हमें मशीन लगता है क्योंकि किसी एक के माथे पर नहीं लिखा कि " मैं मशीन हूं। "


सैफू.

"अंधेरा सिर्फ डर नहीं होता"

रात काफी हो चुकी थी हर गली चौराहे पर सन्नाटा चुप्पी साधे हुए था। एसा लगता है जैसे हर गली दूसरी गली से मुँह मोड़े हुए थी । रात के 2 बजे इन गलियों में एसा कोई नज़ारा नही होता जिसे देखने की तमन्ना मन में हो।

अधेरा- जो एक काला साया सा लगता है, एक सहमा देने वाला डर जो अंधेरे की कोख से पनपता है। कई तरह की झुंझला देने वाली आवाज़े, कोई आहट, कोई दूर खड़ा शख्स या सबसे नज़दीक होते हुए भी नज़रों से ओझल एसी कई छवियां अधेरे को और भी वज़नी बना देती हैं। जिसमें उतरना मतलब- सहम जाना और घबरा जाना ऐसा डर हमेशा हम से जुड़ा रहता है।
सदा से डर, हैवानियत, खौफ, वारदात और एसी कई पहेलियां अंधेरे को घोंट-घोंट कर गाढ़ा करते रहे हैं। फिल्मों से लेकर बड़े-बुज़र्गों की कहावतों और किस्सों में रात का काला स्याही अंधेरा हमें डराता आया हैं और डर को एक पहचान दी है कि अंधेरा गली, चौराहे, इलाके, मौहल्ले या शहर में जब आता है तो लोग उसे सबसे ज्यादा किस नज़रों से देखते हैं?

अंधेरे में एसा लगता है जैसे मेरी ही परछाई मेरा पीछा कर रही हो जैसे मैं भूत से नहीं बल्की खुद से भाग रहा हूं कि किसी न किसी तरह ये छोटी-बड़ी होती परछाई कहीं पर आकर रूक जाए लेकिन परछाई का रुकना मेरे कदमों को कहीं से कहीं तक नही रोक पाता एसा लगता है जैसे मैं अपने आपको समेट, अपनी हर आहट को समेट बस भागा चला जाऊ- "हकीकत तो हम सब की नज़रों से दूर नहीं लेकिन सिर्फ़ ये लगना ही डर को और मज़बूत बना देता है।"
मन में उठी हर एक हड़-बड़ी कोई राहत तलाश रही होती है कि कोई तो दिखे, कहीं तो दिखे चाहे ऐसा-वैसा ही दिखे लेकिन लगे तो सही कि मैं अकेला नहीं हूं ।

अफरा-तफरी जैसी भाद-दौड़ लिए मैं चप्पलों की एडी से आने वाली आवाज़ को निकालते हुए हबड़-तबड़ गलियां पार किये जा रहा था इस गली से निकलकर उस गली में और उस गली से चौराहे की उस गली में जहां का अंधेरा किस्सो का हिस्सा रहा हो। आढ़ी-तेढ़ी गलियों से होते हुए मैं मंज़िल के काफी नज़दीक था लेकिन अंधेरे का वज़न अभी भी मेरे लिए उतना ही था जो शुरूआती डर में था। इतना काफी नही था कि जिस्म सहमा देने वाली कोई आहट ने दस्तक दिए।

फुसाहट की आवाज़े गली में एक अजीब सा डर पैदा कर रही थी - आगे बढ़ने का डर, दिख जाने का डर, कदमों की आहट का डर, किसी वारदात के होने का डर और वो डर जो एक गाढ़ी छवि में दिमाग में बचपन से बैठा है- किस्से कहानियों से, फिल्मों से, डरावनी और डराने वाली शख्सियतों से। आवाज़ आई, मैंने अपने कदमों की सीमित गति को थोड़ा धीमे किया कि कहीं कुछ गड़बड़ ना हो, गली बिल्कुल गुप-गाप थी।

जैसे-तैसे तो अपने आपसे भागते-भागते यहां तक पहुँचा और अब ये सीन, फुसफुसाना लगातार जारी था। मैंने एक वक़्त के लिए सोचा कि रास्ता बदल लेना ही अकलमंदी होगी पर मैंने तो सोच समझ कर ही ये रास्ता चुना था जिधर डर कम लगे, किसी और रास्ते से घर पहुचना मतलब अंधेरे में दम घुट-घुट के मर जाना। रात की चाँदनी रोशनी भी मुझे एक कदम आगे बढ़ाने की हिम्मत नहीं दे पा रही थी पर वहां खड़ा रहना भी मेरे लिए एसा था जैसे कोई बगल के दरवाज़े से हाथ निकालकर पूछ लेगा- कहां जाना है ?
और इससे बड़ा डर मेरे लिए क्या होगा ?

मैं कई तरह के असमंजस में घिरा ये सोच में पड़ गया कि- देखा जाएगा जो होगा, चुपचाप सीधा निकल जाता हूं।
आगे से आने वाली फुसफुसाहट एक बातचीत में थी ये मुझे तब पता चला जब मैंने आगे बढ़ने का होसला किया। दिवार की आड़ में दो ही कदम आगे बढ़ाए थे कि मुझे किसी के होने का अंदेशा हुआ। दो घरों के बीच एक पतली सी गली थी जिसमें कई घरों के दरवाज़े हैं उस पतली सी गली के करीब पहुच कर मुझे ये पता चल गया था कि मैं बे-फज़ूल में आवाज़ों की छवि से डर रहा था।

वहां एक हमउम्र जवान लड़का था जिसे अंधेरे की वज़ह से पहचान न सका और एक लड़की थी आवाज़ से वो भी जवान लग रही थी, मैं उस गली के बाहर दिवार की लाड़ लिए खड़ा उनकी आहट और आवाज़ों से माहौल की हरकत को जानने में लगा था।

लेकिन अंधेरा मेरी जान खा रहा था लेकिन एक तरफा होसला भी मिल रहा था उन दोनों से कि- अंधेरा सिर्फ डर नही मुलाकतें भी बुनता है, बातचीत का ज़रिया भी बनता है जो कि रोशनी में बिखरी नज़रों से ओझल रहता है। वो दोनों फुसफुसा रहे थे- लड़का कहां था और लड़की कहां थी पता नही चल रहा था पर कोई एक छवि दिख रही थी परछाई सी जैसे कोई एक ही हो, लेकिन बातचीत में तो दो लोग थे।

मेरे आगे एक उलझी हुई पहेली थी और पीछे किसी के हाथ की मौजूदगी का एहसास, मैंने पीछे मुड़कर देखा गली के नुक्कड़ पर दरवाज़े से निकलती रोशनी और दूर तक सन्नाटा, आगे दो गलियों का मोड़ और जहां मैं था वहां किसी की मौजूदगी जो कि रोमांचक थी लेकिन रोमांच से कही ज्यादा वज़न लिए खड़ा था डर जो मुझे पल भर में सहमा भी सकता था। अब घबराहट जिस्म में अपना दाएरा बढ़ा रही थी जिसकी वज़ह से मैं उस लड़के-लड़की की अंदरूनी कहानी को वहीं छौड़कर आगे बढ़ गया और गलियों को उसी गति से पार किए चला गया जिस गति से मैंने शुरूआत की थी, चप्पलों की हबड़-तबड़ के साथ मैं अपने घर पहुँचा।

जिस काम से निकला था उसे मम्मी को सोपा और रज़ाई में घुसते हुए मम्मी की नींद भरी आवाज़ में जवाब मांगा।
"ऐबी रात को आज के बाद कोई काम मत बोलना इतने अंधेरे में दरते हुए आया हुं, रास्ते में एक लड़के और लड़की की आवाज़े आ रही थीं एक पतली सी गली में से, मैंने गौर से देखा पर पता नही चला कि वो कौन थे? एक परछाई सी दिख रही थी लेकिन एक ही परछाई थी दूसरी तो कहीं भी नहीं थी"

मम्मी ने मेरी पूरी बात ध्यान से सुनी और सलाह देते हुए कहा :- एसे कहीं भी मत रुका करो, कोई भी कुछ भी हो सकता है, रात में अंधेरे में उन गलियों में जिन गलियों मे असरात होते है वहां पिछलफेरी और सर कटे घूमते है। जो सिर्फ आग या रोशनी से ही दूर भागते है। वो बेहला-फुसला कर इंसान को झांसे में ले लेते हैं।
एसे ही बातों ही बातों में कहानियों का दौर शुरू हो गया। बड़ा भाई और बहन को दिखी एक बड़ी सी परछाई का वो किस्सा फिर सुनने में आ गया और अंधेरे में मेरा डर के साथ रिश्ता फिर झुंझला देने वाला बन गया।

लेकिन क्या वो गली वाली छवि कुछ और थी जो मुझे अपनी ओर आकर्षित कर रही थी ? या फिर वो उस गली का एक सच था कि अंधेरा सिर्फ डर नहीं होता।

सैफू.

वाह-वाह आज भी यूहीं नहीं है!

एसा हमेशा से देखा गया है कि घूमने वाले के मन में एक लालसा होती है शहर को भीड़ में देखने की, वो भीड़ जो उसको भी अपने आप में समेट कर सामने वाले के लिए सिर्फ एक ही नाम छोड़ता है "भीड़"।
इसमे कई चहरे, कई मज़हब और कई तरह के माहौल जो कहीं-न-कहीं एक खाचे में अपने आपको छुपाए बैठे हैं जिसकी परख आप भी में उतरकर ही समझ पाते हो।

पुरानी दिल्ली- जो पहचानी जाती है भीड़ से, जिसे नवाज़ा जाता है यहां के माहौलों से, जिसे याद रखा जाता है यहां के चहरों और जगहों से, जिसे सुनाया जाता है यहां की आपसी बातों और समय से।
अपने आपको कई तरह के बदलावों में संजोती ये जगह कभी तो बदलावों को स्वीकार कर लेती है तो कभी बदलाव में जीने से किसी एसे डर को जोड़कर छोड़ देती है जिससे पुरानी दिल्ली हमेशा से लड़ती आई है- डर है खासियत के खो जाने का, डर है ज़हन से नाम मिट जाने का, डर है याद रखने की वजह बदल जाने का।
पर पुरानी दिल्ली की वाह-वाह आज भी यूहीं नहीं है! यहां के लोगों ने इसे हमेशा से रंगीनियत में रखा है समाज के साथ एक लम्बे समय से बहस में रहे हैं।
" ये बाज़ार है कोई आम सड़कें नहीं!”
यहां के माहौल और आवाज़े बाज़ार शब्द की बुनियाद पर ही रचे गए हैं।

शहर हमेशा से आपको आज़ादी से जीने का हक़ देता है लेकिन नियमबद्ध होकर और ये नियमबद्ध शब्द यहां कहीं-न-कहीं धूधला सा दिखता है, इसका मतलब ये नही कि इस जगह को शहर से कोई नाता नही, जुड़ाव तो हर छवि में दिखता है।
लेकिन कुछ पल में, कुछ कल में और कुछ आज में ये जगह कुछ अलग सी दिखती है।

सैफू.

रंगीन होना क्या है?

दिवार पर बनी एक एसी तस्वीर जो न भगवान की है और न ही किसी मजदूर की वो न तो नेता है और न ही कोई भिखारी है पर वो तस्वीर किसी इंसान और मन की धारणा से मिल कर कोई काल्पनिक छवि को उभारती है। वो वोल-पेंटिंग दिवार की एक साइड को रंगीन बनाए हुऐ है पर गली की दिवार की रंगत से हमें क्या सीख मिलती है?
या उस पेंटींग से हमे क्या सीख मिल रही है मुझे समझ नही आता। रोज़ सुबह-शाम आते जाते उसे निहारता हूं,
सोचता हूं कि वो क्या बदलाव ला रही हैं निहारने और रुककर देखने वाले के लिए?
इतना सोचता हूं और अपने सवाल को अपनी ही बगल में दबा आगे बढ़ जाता हूं। क्योंकि हर बार सवाल के हैर-फैर मे मैं खुद हू उलझ जाता हूं और कुछ और ही सोचने लगता हूँ कि वो किसी की जिंदगी मे बदलाव लाए या न लाए पर वो पेंटींग दिवार की रंगत मे ज़रुर बदलाव लाए हुऐ है, रुककर देखने और दिवार पर सोचने का बदलाव लाए हुऐ है, जो हर दिवार के नसीब में कहां।

जैसे मेरे घर की दिवार जिसे मैने आज तक मन लगाकर नहीं निहारा पर जब भी कोई महमान घर पर आता है तो वो इसी चार दिवारी को निहारकर बोलते है घर तो बड़ा अच्छा है।

सैफू.

तुमसे पहले



नज़रे खाली थी तुमसे पहले, प्यास बाक़ी थी तुमसे पहले
तुम मिली तो लगा बहुत कुछ बाक़ी था तुमसे पहले।
काश मैं होता अकेला अगर तुमसे पहले
तो प्यार कर लिया होता मैंने भी तुमसे पहले।

शिकायत न होती अगर मुझे अपने ही बोले शब्दों से
तो आज इज़हार किऐ बैठा होता तुमसे पहले
नज़रों से बोलना, आँखों से सुनने का इशारा देना
आदत सी लगती है तुम्हारी
शौक होता अगर मुझे भी एसा
तो प्यार कर लिया होता तुमसे पहले।

नादान समझता था मैं अपने आपको इन मामलों में
अगर पहले ही भनक पड़ जाती मुझे जवानी की अपने आप में
तो काश कोई और होता मेरी ज़िंदगी में तुमसे पहले।

न जाने वो कैसी जरुरत बन गई थी मेरी
न बात करने पर बोखलाहट सी होती थी
ज्याद बात करने से बातों का सिलसिला खत्म सा लगता था
फिर भी मन में था- बात खत्म नहीं करुंगा उसके कॉल काटने से पहले।

मिलती थी जब भी तो फरमाईशों से झोली भर देती थी मेरी
मैं समझता रहा उसे, वो बोली एक दिन फोन पर
कुछ तो फाएदा हो मेरा, तुम्हारे रूठ जाने से पहले।

बे-फज़ूल की बातों से वक़्त गुज़ारते रहे हम साथ में
समझ नहीं आता- इन बातों का अन्त क्या है?
जिस दिन तुम्हें समझ आ जाए तो बताना ज़रूर
इस किस्से को खत्म करुंगा तुमसे पहले।

saifu.

मेरी फिल्म के हीरो...

बचपन में अकसर हम कई तरह के गैम खेला करते थे। जैसे माचिस की डब्बियों से पत्ते बनाकर, सिगरेट की डब्बियों से पत्ते बनाकर एक-दूसरे की काट किया करते थे। जैसे गोल्ड फ्लेक पर गोल्ड फ्लेक का कार्ड रखने से बाज़ी के सारे पत्ते मेरे।
इन्ही कई तरह की गड्डियों में एक गड्डी और खेला करते थे हीरो-हिरोइनों के फोटो वाली गड्डी जो एक रूपये के A-4 पेपर से छोटे-छोटे फोटो कटिंग करके बनाया करते थे।
अकसर हम गड्डी खेलने डिलाइट सिनेमा की मुंडेर पर जाते थे हम सभी 12 से 15 तक की उम्र के दायरे में घिरे थे।

हम सभी दोस्त घेरा बनाकर गड्डी खेल रहे थे शाम का समय था, हमारा मस्ती करने का टाइम चल रहा था। वो भी उसी मुंडेर पर आकर बैठ गया- गन्दे-सन्दे कपड़े और हालत हमसे भी गई गुज़री।
हाथ में एक पुरानी सी कॉपी और कुछ कागज़ पकड़े हुए था तभी मेरी नज़र उसकी फटी-पुरानी कॉपी से निकलते हुए उस A-4 पेपर पर गई जो हमारे ही जैसा फोटो वाला था।
हमने उससे वो पेपर छिनने की नियत से पूछा- ये क्या है दिखाना?
वो आदमी- मेरी फिल्म के हीरो हैं।
मेरा दोस्त राजेश- दिखा कौन सा हीरो है?

उसने अपनी कॉपी को छाटते हुए बस कुछ कटिंग किये हुए फोटो दिखाए जिसमें से कुछ फोटो हमने पैरों के नीचे छुपा लिए थे। लेकिन उसने वो शीट हमारे हाथ में नही दी ना जाने क्या खास था उस फोटो पेपर में। कॉपी छाटते वक़्त हम सभी की नज़रे उसके हाथों मे मेली हो चुकी उसकी अपनी कहानियों पर थीं। कोई भी पन्ना एसा नही था जिस पर शब्द ना हों, अगर किसी पन्ने पर कहानी नही होती तो घुचुड़-मुचुड़ या काटी-पीटी होती शायद पूरी कॉपी भरी हुई थी और जो फोटो शीट को वो हाथ मे दबाए बैठा था नज़र जाते ही पता चला की उसने कुछ हीरो को चुन रखा था अपनी फिल्म के लिए ( सही का निशान लगा कर )
एक- दूसरे के बीच इस तरह के बरताव से हम छेड़छाड़ पर आ गऐ और अंड-शंड बोलने लगे...
राजेश- दिखा तो सही कौन है हीरों?
वो आदमी- मैं फिल्म की कहानी लिख रहा हूं।
राजेश- अच्छा... तो सुना क्या कहानी है?
वो हमसे छटपटाने लगा और हमारे बीच से जाने लगा तभी हममें से किसी की शरारत से वो कॉपी हमारे हाथ लगी।
फटी-पुरानी कॉपी के पहले पेज पर संजय दत्त का छोटा सा गड्डी वाला फोटो चिपका हुआ था और फल्म का नाम था रोटी, कपड़ा और मकान।
हमने उसकी कहानी को खूब मज़े ले-लेकर पड़ा उसकी कहानी उसकी ही अपनी रोज़मर्रा पर थी।
सुबह से लेकर शाम तक वो क्या करता है।


सैफू.

बहुत कुछ है इस फैलाव में.

अकसर देखा गया है कि ऐसी जगहें जहां शर्तो का माहौल एक दूसरे पर हावी रहता है वहां लड़कों का हुजुम बना रहता है जिसमें शातिर, चालाक या शर्त जितने का हुनर रखने वालों की भीड़ लगी रहती है। उस भीड़ को देखने वालों का कुछ और ही कहना होता है और खेलने वालों का कुछ और ही। इस कहा-कही में माहौल बत से बत्तर की छवि बना बैठता है समाज में, देखने, सुनने वालों में जिससे समाज दो अलग-अलग सोच से उस जगह को नवाज़ता है।
सुनने,बोलने वाले और देखने,खेलने वाले...

एसी बहुत सी छवियां जो पुरानी दिल्ली को उसी से जानने का नज़रिया देती हैं, पर उसमें उतर कर जीने वालों का कहना है कि "भाई सबके अपने अपने शौक होते हैं, जीने के तरीके होते हैं तो ये हमारा तरीका समझलो" और "ये तो खैल है हार-जीत चलती रहती है, उठना बैठना है जिससे टाइम पास हो जाता है।”
एसे बहुत से लोग हैं यहां जो इस जगह की अजीब सी रीत पर अपनी बात रखने से नही झिझकते, कोई यहां के माहौल से तंग है तो कुछ यहां के बरताव से, किसी को इस तरह के जीवन में जीना अच्छा लगता है तो किसी के पास कोई काम-वाम नहीं है तो उसे ये माहौल अच्छा लगता है मस्तिबाज़ी करने के लिए।
सब किसी न किसी तरह इसे अपनाए बैठे हैं कोई रात को तो कोई अपने काम से बचाया हुआ कुछ वक्त देकर।

गलियों और चौराहों पर टिकी नज़रें कभी तो दुआ-सलाम में झुकती नज़र आती हैं तो कभी वहां बना मजमा आपको भी शरीक होने का आमंत्रण देता नज़र आता है पर ये दुआ-सलाम और जुड़ने का आमंत्रण सिर्फ़ हमउम्र लड़कों तक ही सीमित है, क्योंकि यहां का बाहर लड़कों के लिए एक ऐसा स्पेस है जिसमें रहना, खड़ा होना, मीटिंग करना, खाना-पीना, बातें करना बिल्कुल ऐसा है जैसे वो जगह उनकी अपनी हो।
जगह से अपनापन बहुत है यहां के लोगों में जिसका आस-पास उनके स्वाद से जुड़ा हो, पसन्द से जुड़ा हो, या दोस्तों से जुड़ा हो।